जावरा में खेल स्टेडियम, वन स्टॉप सेंटर, सुजापुर-ढोढर व पिपलोदा में छात्रावास बनेगा, दो स्कूलों के लिए दो-दो करोड़ की घोषणा : मुख्यमंत्री

प्रदेश के 3.77 लाख किसानों के खाते में भावांतर के 810 करोड रुपए दिए

जावरा में खेल स्टेडियम, वन स्टॉप सेंटर, सुजापुर-ढोढर व पिपलोदा में छात्रावास बनेगा, दो स्कूलों के लिए दो-दो करोड़ की घोषणा : मुख्यमंत्री

रतलाम. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार 28 दिसंबर को जावरा नगर की धरा से प्रदेश के 3.77 लाख किसानों को सौगात दी। भावांतर की 810 करोड रुपए राशि सिंगल क्लिक से बैंक खातों में पहुंचाई।

        इसी के साथ उन्होंने विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के अनुरोध पर जावरा में खेल स्टेडियम, वन स्टाप सेंटर भवन व सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास तथा पिपलोदा में दिव्यांग छात्रावास बनाने की घोषणा की। साथ ही महात्मा गांधी स्कूल के हेरिटेज भवन तथा कमला नेहरू कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के रिनोवेशन के लिए दो-दो करोड रुपए देने की घोषणा भी की है। जावरा के लिए यह बड़ी सौगात है ।

         भगत सिंह कॉलेज मैदान पर हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय की जीवनी पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। इसके पहले सुजापुर पहुंचकर वहां मालवा के गांधी कहे जाने वाले पूर्व सांसद डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व सांसद डॉक्टर लक्ष्मी नारायण पांडेय के व्यक्तित्व का वर्णन करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पूर्व सांसद डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडेय से कर्मठता व शालीनता सीखना चाहिए। कार्यक्रम में कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता सहित कई बड़े नेता मौजूद थे। वहीं प्रतिमा अनावरण के दौरान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित रहे।

लाडली बहना को ₹3000 भी देंगे

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने बहनों के लिए कुछ नहीं किया लेकिन हमारी भाजपा सरकार लाडली बहनाओं को ₹1500 महीना दे रही है और आगे चलकर ऐसे ₹3000 भी करेंगे। उन्होंने अगले 5 साल में प्रदेश की सिंचाई की क्षमता 100 लाख हैकटेयर करने की बात कही। वही कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 से पहले प्रदेश को कांग्रेस की वजह से बहुत नुकसान हुआ। और प्रदेश के पिछड़ने का कारण कांग्रेस थी। लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है विकास के क्षेत्र में प्रदेश नई ऊंचाइयां छू रहा है।

वीडियो न्यूज़ देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://youtu.be/IY2XyobI2Cs?si=ViZJwlUlJKAF5gz4