अजय कटेसरिया होंगे रतलाम के नए कलेक्टर, जावरा एसडीएम रहे हिमांशु प्रजापति को भी इंदौर में जिपं सीईओ बनाया
मौजूदा कलेक्टर मिशा सिंह को रतलाम से शहडोल भेजा
रतलाम. मध्य प्रदेश शासन ने शुक्रवार देर रात 20 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए। इसमें रतलाम की मौजुदा कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल भेजने के आदेश हुए। उनकी जगह 2012 बैच के आईएएस और सामान्य प्रशासन विभाग में जीएडी रहे अजय कटेसरिया को रतलाम की जिम्मेदारी दी गई है। झारखंड में 11 अगस्त 1981 को जन्मे कटेसरिया ने सतना और शाजापुर में बतौर कलेक्टर अच्छे कार्य किए हैं। इसलिए अब उनके अनुभव से रतलाम को भी जनता से जुड़ी व्यवस्था और सुविधाओं में बेहतर सुधार की उम्मीद है। इधर जावरा एसडीएम रहे आईएएस हिमांशु प्रजापति को भी एमपीआईडीसी इंदौर से स्थानांतरित करते हुए इंदौर में ही जिला पंचायत सीईओ पद पर पदस्थ किया गया है। मंदसौर कलेक्टर सुश्री अदिती गर्ग को भी विभिन्न जिम्मेदारियां देकर भोपाल भेज दिया और उनकी जगह 2017 बैच के दिव्यांक सिंह को मंदसौर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार व्यक्तिगत कारणों के चलते कलेक्टर मिशा सिंह ने फिलहाल शहडोल में ज्वाइन करने में असमर्थता जाहिर करते हुए राज्य सरकार को पत्र लिखा है। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने कुछ दिनों के लिए नए कलेक्टर की रतलाम में जॉइनिंग टाल दी है। अब जब मिशा सिंह यहां से रिलीव होंगीं। उसके बाद ही नए कलेक्टर रतलाम में ज्वाइन कर पाएंगे।
हालांकि 28 जुलाई 2026 को ही मप्र सरकार ने संशोधित आदेश भी जारी कर दिया। जिसमें अब कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल भेजने की जगह भोपाल में ही नगरीय प्रशासन विभाग में अपर आयुक्त नियुक्त कर दिया है। ऐसे में वे कभी भी रतलाम से रिलीव हो सकती है और उसके बाद नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया यहां का चार्ज ले पाएंगे।
