व्यापारी के साथ मारपीट करने वाले हम्माल को जेल भेजा, 21 अप्रैल को बंद रहेगी मंडी
एसडीएम सहित अधिकारियों ने व्यापारियों को मनाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी, कल देंगे ज्ञापन
जावरा. अरनिया पिथा कृषि उपज मंडी में 18 अप्रैल को हम्माली दर बढ़ाने की बात को लेकर एक हम्माल जाहिद मेवाती ने वरिष्ठ व्यापारी पवन पाटनी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपी हम्माल जाहिद मेवाती को गिरफ्तार कर लिया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सोमवार 20 अप्रैल को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इधर मंडी व्यापारी संगठन ने घटना पर आक्रोश जताते हुए अपने साथी व्यापारी के साथ हुई मारपीट के विरोध स्वरूप 21 अप्रैल मंगलवार को एक दिन के लिए मंडी बंद रखने का ऐलान किया है।
हालांकि एसडीएम सुनील जायसवाल, नवागत तहसीलदार सहदेव मोरे, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और मंडी सचिव आर वसुनिया ने सोमवार देर शाम मंडी कार्यालय में व्यापारी संगठन के साथ बैठक की ओर मंडी चालू करने की अपील की लेकिन व्यापारी संगठन के अध्यक्ष विनोद दख सहित सभी व्यापारियों ने कहा कि हम 21 अप्रैल मंगलवार को मामले में ज्ञापन देंगे और मंडी की व्यवस्था में सुधार के साथ ही व्यापारी की सुरक्षा सुनिश्चित होने की मांग करेंगे। अधिकारियों ने व्यापारियों को मंगलवार को मंडी खोलने के लिए मनाया लेकिन बात नहीं बन पाई और व्यापारी संगठन ने तय किया है कि मंगलवार को 1 दिन के लिए घटना के विरोध स्वरूप मंडी बंद रहेगी। व्यापारियों ने बताया कि यदि माल आएगा तो भी एक दिन तो हड़ताल के चलते खरीदी नहीं करेंगे। इससे स्पष्ट है कि अब बुधवार से मंडी सुचारू होगी।