कांग्रेस ने रतलाम में निकाली किसान ट्रैक्टर रैली, कलेक्ट्रेट में घूसने के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा व बीमा क्लेम किसानों को दिलाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

रतलाम. जिले में अतिवृष्टि और पीला मोजेक, अफलन सहित विभिन्न बीमारियों से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिलाने व अन्य मांगों को लेकर 16 सितंबर मंगलवार को कांग्रेस ने रतलाम शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली।

किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान एवं पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में जिलेभर के कांग्रेस नेता और प्रभावित किसान सब्जी मंडी परिसर में इकट्‌ठा हुए। वहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां गेट के अंदर ट्रैक्टर ले जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जबरन गेट खोलने तथा ट्रैक्टर अंदर परिसर में ले जाने के चक्कर में पुलिस व नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं को अंदर घुसने से रोका। इस दौरान काफी हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। हालांकि पुलिस अधिकारियों व जवानों ने मोर्चा संभाले रखा और वाहन अंदर नहीं जाने दिए। बाद में कांग्रेस नेताओं ने एडीएम को ज्ञापन दिया। किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौहान, पूर्व मंत्री भूरिया के साथ ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत, जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा, वरिष्ठ नेता बलवंत सिंह राठौर गोंदीशंकर सहित रतलाम शहर के कई वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे। इन्होंने ज्ञापन देकर किसानों को मुआवजा, बीमा क्लेम दिलाने के साथ ही पर्याप्त खाद मुहैया करवाने व अन्य समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। वहीं कलेक्टर परिसर में भी प्रदर्शन किया।