मुंबई के व्यापारी ने हड़पा लाखों रुपए का सोना व 10 लाख कैश, जावरा पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
रतलाम. रतलाम जिले की जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मुंबई के एक व्यापारी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (दो) में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिस व्यापारी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध हुआ है उसका नाम सिद्धार्थ बाठिया निवासी नवी मुंबई महाराष्ट्र बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार एक महिला ने उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई है। इसमें बताया गया है कि आरोपी और दोनों का परिवार एक-दूसरे को पहचानते है। इनके बीच जान-पहचान होने से मुंबई निवासी व्यापारी ने व्यापार संचालन के लिए 90 लाख रुपए उधार मांगे थे। तब 10 लाख रुपए कैश और कुछ सोना उसे उधारी में दिया था ताकि वह अपना काम चला सके लेकिन दो साल बीतने के बावजूद अब तक रुपए व सोना दोनों नहीं लौटाया है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक यह लेन-देन टीजीपी जावरा में एक कार्यक्रम के दौरान हुआ था। इसलिए यहां प्रकरण दर्ज हुआ है। अब सच क्या है, यह तो पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करेगी तभी और स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम मुंबई भी रवाना होगी।
